‘11 जनवरी को प्रस्तावित उत्तराखंड बंद’ :कानून-व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड पुलिस सतर्क, शांति बनाए रखने की अपील

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी/आगामी 11 जनवरी 2026 को विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तावित ‘उत्तराखंड बंद’ के मद्देनज़र प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तराखंड पुलिस ने बताया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ, रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन इसकी आड़ में किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अपील की कि विरोध दर्ज कराते समय शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
आईजी ने वाहन चालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों से कहा कि किसी भी प्रकार का ऐसा कार्य न करें जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या जनता को असुविधा का सामना करना पड़े। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट से दूर रहने की सलाह दी।
अंत में उन्होंने सभी से आग्रह किया कि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि जन-जीवन सामान्य और सुरक्षित बना रहे।