नैनीताल। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रांतीय अधिवेशन में संगठन को नई मजबूती देने के उद्देश्य से नैनीताल जिला इकाई का सर्वसम्मति से गठन किया गया है। अधिवेशन के दौरान संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में अंकुर शर्मा को जिलाध्यक्ष तथा प्रकाश जोशी को जिला महामंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन की घोषणा होते ही वहां उपस्थित पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। वहीं जिला महामंत्री प्रकाश जोशी ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती, पत्रकारों की एकजुटता और युवा पत्रकारों को उचित मंच उपलब्ध कराना उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
इस अधिवेशन के दौरान पत्रकारों के अधिकारों की सुरक्षा, संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान और पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे में पत्रकारों की आवाज को मजबूती देने के लिए एक सशक्त संगठन की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। कार्यक्रम में पत्रकार कल्याण, संगठन की भावी रणनीति और मीडिया जगत से जुड़े समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि नई जिला कार्यकारिणी के नेतृत्व में नैनीताल इकाई संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि लालकुआं और हल्द्वानी की वर्तमान नगर कार्यकारणियां यथावत कार्य करती रहेंगी। इसके साथ ही, नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अंकुर शर्मा और जिला महामंत्री प्रकाश जोशी को जिले की अन्य नगर एवं क्षेत्रीय इकाइयों के गठन की जिम्मेदारी सौंपी गई। ये दोनों पदाधिकारी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और पत्रकारों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करेंगे।
इस गरिमामय अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रयाग पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष बी.सी. भट्ट, विपिन चंद्रा, भरत शाह, लालकुआं इकाई अध्यक्ष रणजीत बोरा, महामंत्री दीप जोशी, हरीश पनेरू सहित विभिन्न जिला एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारी एवं सदस्य भारी संख्या में मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
