लालकुआं। उत्तरायणी मेला समिति द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी को उनके उत्कृष्ट कार्यों और समाज हित में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह मेला समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष हरीश नैनवाल, नन्दू राणा, दीपू नयाल एवं सुरेश शाह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति पदाधिकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिली है। तथा मेले के सफल संचालन में उनका बेहतर योगदान रहा
सम्मान प्राप्त करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष ने मेला समिति का आभार व्यक्त किया और कहा कि उत्तरायणी मेला न केवल सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, बल्कि यह क्षेत्र की सामाजिक एकता और जनभावनाओं से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने समिति के सदस्यों की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी नगर के विकास और जनहित के कार्यों में सभी के सहयोग की अपेक्षा रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने उत्तरायणी मेले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर भी प्रकाश डाला और इसे भावी पीढ़ियों तक संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें मेला समिति के सदस्यों सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
