लालकुआँ। उत्तरायणी मेले के भव्य सांस्कृतिक आयोजनों के मध्य जय माँ अवंतिका सांस्कृतिक ग्रुप ने नगर की ईष्ट देवी माँ अवंतिका का स्मरण करते हुए अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। समूह की प्रस्तुतियों में पहाड़ की पावन लोकसंस्कृति, पारंपरिक वेश-भूषा और लोक-धुनों का विशिष्ट समन्वय दृष्टिगोचर हुआ, जिसने सभागार में उपस्थित दर्शकों की वाह-वाही लूट ली।
सांस्कृतिक आयोजन के दौरान नगर की ईष्ट देवी के स्मरण ने दर्शकों के मन में माँ अवंतिका के प्रति श्रद्धा और निष्ठा को और अधिक प्रबल कर दिया। मंच से उठी जय-कारों ने पूरे मेले परिसर को भक्तिमय माहौल से भर दिया।
इसके साथ ही मेले में उपस्थित मातृ शक्तियों की अन्य सांस्कृतिक टीमों ने भी उत्कृष्ट लोक-गीत, नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक आभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने उत्तरायणी मेले को केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि लोक-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का उत्सव बना दिया।
दर्शकों ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और माँ अवंतिका से मेले की सफलता एवं जनकल्याण की कामना की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
