माँ हाट कालिका की छत्रछाया में सजा उत्तरायणी मेला, बिंदु खत्ता में उमड़ा श्रद्धा और उल्लास का सैलाब

ख़बर शेयर करें

 

बिंदु खत्ता क्षेत्र के हाट कालिका मंदिर परिसर में इन दिनों उत्तरायणी मेले की भव्य धूम देखने को मिल रही है। पारंपरिक उल्लास, रंग-बिरंगे स्टॉल और सांस्कृतिक वातावरण से सजा यह मेला पूरे क्षेत्र में विशेष रंगत बिखेर रहा है। दूर-दराज से मेले में पहुंच रहे दर्शक न केवल खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं, बल्कि माँ हाट कालिका के दर्शन कर स्वयं को धन्य भी महसूस कर रहे हैं।
मेले में स्थानीय हस्तशिल्प, ग्रामीण उत्पाद, खान-पान के स्टॉल और बच्चों के लिए झूले आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही से धार्मिक माहौल बना हुआ है। सुबह-शाम माँ हाट कालिका की पूजा-अर्चना के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आ रहा है।
उत्तरायणी मेले ने बिंदु खत्ता क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत कर दिया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आए श्रद्धालु और पर्यटक भी इस आयोजन का भरपूर आनंद उठा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उत्सव और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।