नैनीताल/भीमताल/हल्द्वानी 21 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में विकास भवन भीमताल, फ्लैट्स मैदान नैनीताल तथा मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल के मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल एवं नोडल अधिकारी स्वीप, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं समन्वयक स्वीप नैनीताल तथा जिला आयुष अधिकारी नैनीताल के समन्वय से आयोजित कार्यक्रमों में योग के साथ-साथ *विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।*
भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा तथा दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी प्रदान की गई।
*योगाभ्यास के उपरांत उपस्थित जनसमूह को विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान के संबंध में जागरूक किया गया।* नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने एवं विवरणों के सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। साथ ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की महत्ता पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर “स्वस्थ नागरिक, सशक्त लोकतंत्र” की भावना को प्रोत्साहित करते हुए योग एवं मतदाता जागरूकता को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थलों पर S.I.R. अभियान से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का समापन योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ। इसी प्रकार जिले के अन्य स्थानों में भी आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम के दौरान एसआईआर के बारे में जानकारी दी। और मतदाताओं को जागरूक किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
