हल्द्वानी/रामनगर वन क्षेत्र में बाघ के हमले में महिला की मृत्यु के बाद राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीरज तिवारी आज पीड़ित परिवार के आवास पर पहुँचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक बताते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बाघ के आतंक ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
इस दौरान नीरज तिवारी ने संबंधित डीएफओ रामनगर एवं वन विभाग के अधिकारियों से जनहित के मुद्दों पर स्पष्ट और कड़े शब्दों में वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अब संवेदनशीलता और तत्परता के साथ ठोस कदम उठाने होंगे।
उन्होंने क्रमवार पांच प्रमुख मांगें रखीं—
1️⃣ तत्काल प्रभाव से आदमखोर बाघ को मार गिराया जाए।
2️⃣ ग्रामीणों के पशुओं के लिए चारे की समुचित एवं नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
3️⃣ जंगल से लेकर गाँव तक सौर लाइटें शीघ्र स्थापित की जाएँ।
4️⃣ आबादी से सटे क्षेत्रों में झाड़ियों की व्यापक सफाई कराई जाए।
5️⃣ सौर फेंसिंग का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया जाए।
नीरज तिवारी ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासनिक लापरवाही अब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन का मार्ग अपनाने के लिए बाध्य होगी।
क्षेत्र में लगातार हो रही वन्यजीव घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग शीघ्र ठोस कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
