हल्दूचौड़ (नैनीताल):
जनपद नैनीताल के हल्दूचौड़ स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आधुनिक पंचकर्म केंद्र की स्थापना एवं अस्पताल परिसर के कायाकल्प के लिए स्थानीय नागरिकों व समाजसेवियों द्वारा क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट को एक मांग पत्र सौंपा गया।
मांग पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक गिरी गोस्वामी जनहित में एक अनुकरणीय पहल करते हुए अपने निजी मासिक वेतन से पंचकर्म चिकित्सा सेवा शुरू करने का संकल्प ले चुके हैं। आयुर्वेद की इस विधा से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को ब्लड प्रेशर, थायराइड, डायबिटीज, गठिया, कमर दर्द और सर्वाइकल जैसे असाध्य रोगों का सस्ता व प्रभावी उपचार मिल सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने सांसद के संज्ञान में लाते हुए बताया कि शासकीय स्वीकृति में समय लगने के कारण पंचकर्म कक्ष के जीर्णोद्धार, नए दरवाजे लगाने, रंगाई-पुताई, आवश्यक बेड-अलमारी और बुजुर्ग मरीजों के बैठने के लिए बेंच/कुर्सियों की व्यवस्था हेतु तत्काल सांसद निधि से आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। इसके साथ ही, अस्पताल परिसर की सुरक्षा, महिला रोगियों की गोपनीयता व असामाजिक तत्वों की रोकथाम के लिए चिकित्सालय की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) को ऊंचा कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। यह ज्ञापन क्षेत्र की जनता की ओर से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गोविन्द बल्लभ भट्ट तथा समाजसेवी हेमन्त सिंह गौनिया द्वारा सौंपा गया।
मामले की गंभीरता और जनहित के इस पुनीत कार्य को देखते हुए, त्वरित कार्यवाही करते हुए सांसद अजय भट्ट ने सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता कर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


