हल्द्वानी | 25 दिसम्बर 2025
सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर एमबीपीजी कॉलेज स्थित लाल बहादुर शास्त्री ऑडिटोरियम हॉल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव (वर्चुअल) प्रसारण किया गया, जिसे सांसद अजय भट्ट, विशिष्ट अतिथियों, संसदीय क्षेत्र नैनीताल–उधम सिंह नगर के प्रतिभावान खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने सुना।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने ऑडिटोरियम हॉल के लिए प्रोजेक्टर व साउंड सिस्टम हेतु 2.5 लाख रुपये तथा गोलापार में निर्माणाधीन खेल विश्वविद्यालय में नाइट मैच के लिए लाइट व्यवस्था हेतु 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय बनना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और यह भविष्य में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत लोकसभा स्तर पर भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खेल, फिटनेस और मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिला। यह आयोजन युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ ही फिट इंडिया मूवमेंट को भी नई दिशा देगा। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव के अंतिम दिन प्रधानमंत्री के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों से वर्चुअली जुड़ने पर हर्ष व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं। खेल हमें एकता, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना सिखाते हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ प्रतिदिन खेलों के लिए समय निकालने, मोबाइल का सीमित उपयोग करने और नशे से दूर रहने का विशेष आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर मनाए जा रहे सुशासन दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी ने सुशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके द्वारा शुरू की गई योजनाएं, जैसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, देश के विकास में मील का पत्थर साबित हुईं। सुशासन का अर्थ है जनता को बेहतर और जवाबदेह शासन देना, जिसे अटल जी ने अपने कार्यकाल में साकार किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, साथ ही पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, नवीन वर्मा, दिनेश आर्य, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कंचन उप्रेती, नीरज बिष्ट, दीप कोश्यारी, भुवन जोशी, हिमांशु मिश्रा, आभा गोस्वामी, प्रभारी उप निदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, प्रदेश संयोजक सुरेश पांडे, निर्मला पंत, लक्ष्मण खाती, हरीश भाकुनी, त्रिलोचन जीना, देवेंद्र भट्ट, विनय जोशी, दीपक पाण्डेय, कमलेश बिष्ट, वीरेंद्र दानू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
