लालकुआँ: मासिक शिवरात्रि (चतुर्दशी) के पावन अवसर पर 8 अक्टूबर (बृहस्पतिवार) की रात कहारा महादेव मंदिर में आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। इस पावन बेला पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और भगवान देवाधिदेव महादेव का विधि-विधान से रात्रि जलाभिषेक व विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान मुख्य आचार्य श्री अनुप पठालनी के पावन सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न हुआ। आचार्य जी ने चतुर्दशी तिथि के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं से भगवान शिव के निमित्त विशेष अभिषेक व पूजन करवाया। देर रात तक चले इस अनुष्ठान के दौरान भक्तों ने दूध, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भोलेनाथ की आराधना की।
पूजा-अर्चना के दौरान पूरा मंदिर प्रांगण ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोले की’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। शिव भजनों और स्तुतियों के बीच वातावरण पूरी तरह शिवमय बना रहा। अनुष्ठान की पूर्णता पर महाआरती की गई और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर आस्थावान भक्त डी. के. जोशी ने मंदिर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कहारा महादेव मंदिर क्षेत्रवासियों के लिए अगाध आस्था और भक्ति का पवित्र संगम है। यहाँ आने मात्र से भक्तों को आत्मिक शांति मिलती है और देवाधिदेव महादेव की कृपा से जन-कल्याण व सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


