हल्द्वानी। मानव विकास सेवा संस्थान द्वारा आयोजित होने वाले पारम्परिक 26वें “शरदोत्सव मेला हल्द्वानी” की तैयारियां विधिवत प्रारम्भ कर दी गई हैं। यह जानकारी संस्थान के अध्यक्ष, शरदोत्सव मेला समिति हल्द्वानी के संस्थापक अध्यक्ष, फिल्म निर्माता-निर्देशक एवं उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के पूर्व सदस्य विक्की योगी ने दी।
उन्होंने बताया कि मानव विकास सेवा संस्थान वर्ष 1997 से पंजीकृत संस्था है तथा 1999 से हल्द्वानी में भव्य शरदोत्सव मेले का सफल आयोजन निरंतर किया जा रहा है। यह आयोजन जिलाधिकारी नैनीताल के मुख्य संरक्षण तथा उप जिलाधिकारी/नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के संरक्षण में लोक कलाकारों, साहित्यकारों, रंगकर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से संपन्न होता रहा है।विक्की योगी ने बताया कि नवंबर 2026 में आयोजित होने वाले 26वें शरदोत्सव मेले की रूपरेखा को लेकर आज लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह, हल्द्वानी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी, स्मारिका प्रकाशन एवं आयोजन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।उन्होंने कहा कि शरदोत्सव मेले का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, कला, पर्यटन और फिल्म जगत का प्रचार-प्रसार करना, स्थानीय कलाकारों को सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाना है। मेले में उत्तराखंड के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ फिल्म स्टार नाइट भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सरकार की उपलब्धियों व नीतियों का प्रचार प्रसार भी मंच के माध्यम से किया जाएगा!
श्री योगी ने कहा कि इस वर्ष आयोजन में कुछ नया देखने को मिलेगा। विशेष रूप से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली कलाकारों तथा स्कूल-कॉलेजों के उभरते हुए विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा जिन्हें अब तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि नई प्रति भाओं को पहचान दिलाना ही शरदोत्सव मेला समिति का प्रमुख उद्देश्य है।उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी मेले की स्मारिका प्रकाशित की जाएगी तथा स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के लिए मुंबई बॉलीवुड के जाने-माने कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से सरस्वती बिष्ट,मुकुल नैंनवाल , दीक्षा पंत, सोनाक्षी टम्टा, पूनम चंद, अभिषेक अग्रवाल, सोनम नेगी, प्रियंका बहादुर, सुरेश चंद, दीपाली जोशी, साक्षी, शेर सिंह बोरा, नीलम आर्य, तानिया टम्टा, कमल किशोर, राजीव शर्मा सहित समिति से जुड़े अनेक पदाधिकारी, लोक कलाकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
