लालकुआं के अवंतिका मंदिर में शनि देव महायज्ञ और भंडारे की धूम, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने टेका मत्था

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआं के अवंतिका मंदिर में शनि देव महायज्ञ और भंडारे की धूम, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने टेका मत्था

लालकुआं। लालकुआं के शक्तिपीठ पुल के पास स्थित माँ अवंतिका मंदिर परिसर में शनिवार को समस्त विक्रम एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 13वें भव्य शनि यज्ञ, पूजन और विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर मोहन सिंह बिष्ट ने विशेष रूप से शिरकत की। मंदिर परिसर पहुंचने पर विधायक डॉ. बिष्ट का मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती और समस्त विक्रम एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉक्टर मोहन सिंह बिष्ट ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यज्ञ में आहुति दी और भगवान शनि देव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा शांति की मंगल कामना की। उन्होंने भव्य आयोजन के लिए समस्त विक्रम एसोसिएशन और मंदिर कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मुख्य प्रसाद ग्रहण किया। क्रम अभी समाचार लिखे जाने तक जारी है
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इस गरिमामयी अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती, महामन्त्री भुवन पाण्डे मुरलीधर पाण्डेय, मुख्य आचार्य चन्द्र शेखर जोशी, कुन्दन सिंह कनवाल, रौनक कनवाल, विमल चौधरी, बहादुर सिंह जीना सहित भारी संख्या में विक्रम संचालक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सैकड़ों धर्मानुरागी श्रद्धालु मौजूद रहे।