हल्द्वानी। रिम्पी बिष्ट
पंखुड़ियां सांस्कृतिक, पर्यावरण एवं दिव्यांग कल्याण समिति की ओर से रविवार को गोरापड़ाव स्थित The Base Neo School में पंखुड़ियां-2026 सीजन-16 के भव्य ऑडिशन का आयोजन किया गया। ऑडिशन में मॉडलिंग(मिस उत्तराखंड व उत्तराखंड सुपर मॉडल),सिंगिंग(वॉइस ऑफ़ उत्तराखंड) और डांसिंग(लिटिल चेम्प, उत्तराखंड बेस्ट डांसर, इंडियाज बिगेस्ट डांसर, जोड़ी नंo-1, सुपर स्टार बहू)की विभिन्न श्रेणियों में उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का अद्वितीय प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने डांसिंग में अर्बन, कंटेंपरेरी, हिप-हॉप, बॉलीवुड, उत्तराखंडी, राजस्थानी व पंजाबी सहित विभिन्न डांस फॉर्म में प्रस्तुतियां देकर दर्शकों और निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। कई प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां इतनी प्रभावशाली रहीं कि उपस्थित लोग भी उनकी प्रतिभा देखकर हैरत में पड़ गए।
सिंगिंग ऑडिशन में भी प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। वहीं मॉडलिंग के प्रतिभागियों ने भी आत्मविश्वास और आकर्षक प्रस्तुति के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
डांस प्रतियोगिता के निर्णायक राहुल रियांश तथा सिंगिंग प्रतियोगिता के निर्णायक-दीपू मेहरा रहे।
कार्यक्रम का संचालन नेहा बिष्ट ने किया।
ऑडिशन के बाद चयनित प्रतिभागियों को अब ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। पंखुड़ियां-2026 सीजन-16 का ग्रैंड फिनाले 15 नवंबर 2026 को हल्दूचौड़, हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा। चयनित प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
संस्था अध्यक्ष रिम्पी बिष्ट ने उक्त बाते कहते हुए कहा कि पंखुड़ियां का उद्देश्य प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि जो प्रतिभागी किसी कारणवश निर्धारित ऑडिशन में शामिल नहीं हो पाए या अपना प्रदर्शन नहीं दे सके, उनके लिए भी जल्द ही एक और अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही नई ऑडिशन तिथि घोषित की जाएगी, ताकि ऐसे प्रतिभागी भी अपना ऑडिशन देकर पंखुड़ियां के मंच से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में दीप्ति जोशी, नवनीत चौहान, राजेंद्र प्रसाद, पंकज गोस्वामी उपस्तिथ थे.
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
