उत्तराखंड बीजेपी का बड़ा दांव: 2027 के महासमर से पहले किस दिग्गज चेहरे को मिली प्रदेश संगठन में अहम जिम्मेदारी?

ख़बर शेयर करें

देहरादून/उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित की गई प्रदेश कार्यसमिति की नई सूची ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने वरिष्ठ बीजेपी नेता, प्रमुख राज्य आंदोलनकारी और धामी सेना के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पंत को प्रदेश कार्यसमिति में शामिल कर एक बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रहे तरुण पंत अपनी मजबूत संगठनात्मक पकड़ और जनसेवा के लिए जाने जाते हैं। जैसे ही नई सूची में उनके नाम का ऐलान हुआ, धामी सेना से जुड़े प्रदेश भर के पदाधिकारियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
पंत के इस मनोनयन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें दूरभाष पर बधाई दी। इसके साथ ही उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू, राज्य आंदोलन परिषद के अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर तथा पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश तिवारी सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी उन्हें फोन कर शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने उम्मीद जताई कि तरुण पंत पार्टी हित में सदैव तत्परता से कार्य करेंगे और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलने वाली हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

अपनी इस नई भूमिका पर तरुण पंत ने प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने शुभकामनाएं देने वाले सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद जताया।