आईटीसी पेपर मिल लालकुआँ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी विश्वकर्मा जयंती: उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने की प्रगति और समृद्धि की कामना

ख़बर शेयर करें

 

देवशिल्पिन् महाभाग देवानां कार्यसाधक। विश्वकर्मन्नमस्तुभ्यं सर्वसिद्धिप्रदो भव॥ (अर्थ: हे दिव्य शिल्पी, देवताओं के कार्यों को सिद्ध करने वाले परम आदरणीय भगवान विश्वकर्मा! आपको बारंबार नमन है। आप हम सभी को समस्त कार्य-सिद्धियां प्रदान करें।)

लालकुआँ। औद्योगिक नगरी लालकुआँ स्थित प्रतिष्ठित संस्थान आईटीसी पेपर मिल में निर्माण एवं तकनीक के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की जयंती पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर मिल परिसर को सुरुचिपूर्ण ढंग से सजाया गया तथा आधुनिक मशीनों व यंत्रों की पारंपरिक वैदिक विधि से पूजा-अर्चना की गई।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में आईटीसी पेपर मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने भगवान विश्वकर्मा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजन किया। उन्होंने विधिवत हवन-यज्ञ में आहुतियां देकर समस्त कर्मचारियों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि तथा कारखाने की निरंतर प्रगति की प्रार्थना की।

पूजन उपरांत उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा कर्म, नवाचार और सृजन के प्रेरणास्रोत हैं। किसी भी उद्योग की रीढ़ उसके समर्पित कर्मचारी और उनकी तकनीकी दक्षता होती है। जब श्रम में समर्पण और ईश्वरीय आस्था जुड़ती है, तभी समग्र उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए संस्थान की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और पर्यावरण के प्रति सजग रहकर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान मिल परिसर “भगवान विश्वकर्मा की जय” के उद्घोष से गुंजायमान रहा। तकनीकी अनुभागों एवं कार्यशालाओं में विशेष स्वच्छता और साज-सज्जा की गई थी। पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित समस्त अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं श्रमिकों को मिष्ठान व प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मिल प्रबंधन के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad