माधवी फाउंडेशन की पहल: हल्दूचौड़ में SC/ST वर्ग के युवाओं के लिए 6 माह का निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू
हल्दूचौड़। सामाजिक संस्था माधवी फाउंडेशन ने अपने “सेवा ही संकल्प” अभियान के तहत क्षेत्र के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) वर्ग के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए 6 माह के पूर्णतः निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम की घोषणा की है। संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष पीयूष जोशी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा देकर डिजिटल रूप से साक्षर बनाना और उन्हें शिक्षा, रोजगार तथा आत्मनिर्भरता के नए अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में कंप्यूटर ज्ञान प्रत्येक युवा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है, इसलिए कमजोर वर्ग के होनहार विद्यार्थियों को निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण देकर उनके सपनों को नई उड़ान दी जा रही है।
इस छह महीने के रोजगारपरक पाठ्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को बेसिक कंप्यूटर फंडामेंटल्स, एमएस वर्ड, एक्सेल, पावरपॉइंट, हिंदी एवं अंग्रेजी टाइपिंग, इंटरनेट व ई-मेल संचालन तथा आधुनिक डिजिटल स्किल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही कार्यालयीन व व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को टैली विद जीएसटी, डेस्कटॉप पब्लिशिंग (डीटीपी) और अन्य अनिवार्य कंप्यूटर कौशल भी सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को संस्था की ओर से विधिवत प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए SC/ST वर्ग के 10वीं अथवा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी एवं अन्य इच्छुक युवा पात्र हैं। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को अपना आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, जाति प्रमाण-पत्र तथा अंकतालिका की स्वप्रमाणित (Self-Attested) छायाप्रति जमा करानी होगी। प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कुल सीटें केवल 100 निर्धारित की गई हैं, जिनमें दाखिला ‘पहले आएँ, पहले पाएँ’ के आधार पर ही दिया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ एलबीएस डिग्री कॉलेज के निकट स्थित साईं कंप्यूटर्स व लाइब्रेरी (दीना, हल्दूचौड़) केंद्र पर उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। संस्था ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी सूचना को अधिक से अधिक जरूरतमंद युवाओं तक पहुँचाएँ, ताकि पात्र युवाओं के उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की शुरुआत हो सके।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
