हल्दूचौड़ (शैल शक्ति ब्यूरो): राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित ‘शिवपुरी कट’ को लेकर स्थानीय नागरिकों की चिंताओं और समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल तेज हो गई है। शुक्रवार को बमेटाबंगर केशव व खीमा की क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) चंपा पांडे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों से मुलाकात की और कॉलोनीवासियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से स्थानीय नागरिकों ने शिवपुरी कट को लेकर अपनी प्रमुख आपत्तियां दर्ज कराईं। साथ ही यातायात सुगमता, स्थानीय आवागमन और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवहारिक समाधान के सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। बीडीसी सदस्य चंपा पांडे ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और स्थानीय संपर्क मार्ग की उपयोगिता को प्राथमिकता मिलना बेहद जरूरी है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका न रहे और आमजन को आवागमन में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
NHAI के अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए ज्ञापन स्वीकार किया और परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं, सुरक्षा मानकों और व्यवहारिक पक्षों पर प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर उठाए गए बिंदुओं का परीक्षण कर आवश्यक विचार का आश्वासन दिया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि NHAI प्रशासन क्षेत्र के समग्र विकास, सुरक्षा और जनहित के मद्देनजर क्या अंतिम व ठोस विकल्प तय करता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
