सीएम धामी के जन्मदिन पर गूंजी रामभक्ति: मनोज पाठक के नेतृत्व में हुआ भव्य सुंदरकांड पाठ, प्रदेश की खुशहाली की मांगी दुआएं
सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से भक्तिमय हुआ गिरिजा माता मंदिर परिसर; मुख्यमंत्री की दीर्घायु और राज्य की समृद्धि के लिए की गई विशेष प्रार्थना
हल्द्वानी/कालाढूंगी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज पाठक के संयोजन में हल्द्वानी ब्लॉक के कमलुवागांजा (गिरिजा विहार) स्थित मां गिरिजा माता मंदिर के पावन प्रांगण में भव्य संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस आध्यात्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक रूप से सुंदरकांड की चौपाइयों का श्रवण और गायन किया। प्रभु श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने इस दौरान प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि तथा युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना की।
सुंदरकांड साहस, सेवा और समर्पण की अखंड प्रेरणा: मनोज पाठक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मनोज पाठक ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में धार्मिक अनुष्ठान जनमानस को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा, “सुंदरकांड केवल धार्मिक पाठ नहीं, बल्कि जीवन में साहस, निःस्वार्थ सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और अटूट संकल्प की प्रेरणा देने वाला दिव्य संदेश है। पवनपुत्र हनुमान जी का संपूर्ण जीवन हमें समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण सिखाता है।”
मनोज पाठक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गतिशील नेतृत्व में आज उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनसेवा के पथ पर तेजी से अग्रसर है। ऐसे यशस्वी नेतृत्व के जन्मदिन पर सुंदरकांड के माध्यम से जनकल्याण और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना करना हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी मातृशक्ति, क्षेत्रीय जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
पाठ के समापन पर भगवान श्रीराम और श्री हनुमान जी की विधि-विधान से महाआरती की गई। इसके पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरा क्षेत्र दिनभर भक्तिमय रस में डूबा रहा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
