लालकुआं।नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के हड़ियागांव स्थित प्रधान कार्यालय में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड समीक्षा बैठक का गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। बैठक की शुरुआत में माहौल अत्यंत सौहार्दपूर्ण रहा, जहां अध्यक्ष मुकेश बोरा के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, संचालक मंडल के सदस्यों, संघ के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में संघ की समग्र गतिविधियों, दुग्ध संग्रहण, उत्पादन, विपणन, वित्तीय स्थिति तथा संचालित विकास परियोजनाओं की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए दुग्ध की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने, विपणन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने और लंबित कार्यों को समयबद्ध सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि संघ की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाया जा सके।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अपने संबोधन में कहा कि दुग्ध उत्पादक किसान ही संघ की वास्तविक शक्ति हैं और उनका हित ही संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर सेवाएं, पारदर्शी व्यवस्था, उचित मूल्य और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संघ निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों से सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में धरातल पर उतारने तथा कार्यों में गति व गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में संचालक मंडल के सदस्य आनंद सिंह नेगी, गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, दीपा बिष्ट, खष्टी देवी, हेमा देवी एवं पुष्पा देवी सहित सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र प्रसाद दुमका, लैब प्रभारी रमेश आर्या, महेंद्र सिंह पडियार, हरीश आर्या, मीना रौतेला तथा डॉ. रमेश मेहता समेत दुग्ध संघ के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
