धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड का महत्वपूर्ण योगदान,
भक्तिमय हुआ कैलाश क्षेत्र: ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक का हुआ विधिवत पूजन, आदि कैलाश व ओम पर्वत को की गई समर्पित
पिथौरागढ़/कैलाश क्षेत्र।
पवित्र आदि कैलाश और ओम पर्वत की कंदराएं इन दिनों आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हैं। इसी पावन शृंखला में, प्रसिद्ध धार्मिक पुस्तक ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ का कैलाश क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया गया। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान के संपन्न होने के पश्चात, पुस्तक की प्रतियों को आदि कैलाश और अलौकिक ओम पर्वत को पूरी श्रद्धा के साथ समर्पित किया गया।
इस पावन अवसर पर आदि कैलाश की यात्रा पर आए देश के विभिन्न राज्यों के तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं को ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक सप्रेम भेंट की गई। पुस्तक के विधिवत पूजन-अर्चन के दौरान उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा। श्रद्धालुओं ने माँ अवंतिका, आदि कैलाश और ओम पर्वत का ध्यान करते हुए साक्षात् शिव-शक्ति के स्वरूप का स्मरण किया।
इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान मुख्य रूप से नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष ललित पंत, दिल्ली क्षेत्र के युवा सामाजिक कार्यकर्ता गौरव जोशी, भावेश पंत तथा पिथौरागढ़ के युवा सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष पंत मौजूद रहे। इनके साथ ही देश के कोने-कोने से आए अनेकों श्रद्धालुओं ने इस पूजा अनुष्ठान में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
यह भी उल्लेखनीय है कि इस पुस्तक का विधिवत विमोचन बीते 30 मई को कुमाऊँ के ऐतिहासिक प्रवेश द्वार के रूप में विख्यात लालकुआँ स्थित प्रसिद्ध माँ अवंतिका मंदिर परिसर में अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ था। यहाँ सेंचुरी मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री अजय कुमार गुप्ता ने गरिमामयी उपस्थिति के बीच इस पुस्तक का विमोचन किया, जिसमें मिल के उपाध्यक्ष श्री नरेश चन्द्रा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विमोचन के तुरंत बाद, अगाध श्रद्धा का निर्वहन करते हुए इस पुस्तक की सर्वप्रथम प्रति विशेष रूप से कैलाशपति भोलेनाथ को समर्पित की गई थी। इसी आध्यात्मिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए अब साक्षात् आदि कैलाश और ओम पर्वत के पावन चरणों में पुस्तक को अर्पित कर माँ अवंतिका और देवाधिदेव शिव की असीम कृपा का आशीर्वाद मांगा गया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
