लालकुआँ। औद्योगिक नगरी लालकुआँ स्थित प्रतिष्ठित संस्थान आईटीसी पेपर मिल के डीएम प्लांट (DM Plant) में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर समूचे प्लांट परिसर और तकनीकी उपकरणों को सुरुचिपूर्ण ढंग से फूलों एवं विद्युत सज्जा से सजाया गया था।
प्रातःकाल से ही संयंत्र परिसर में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण बना रहा। मुख्य पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान पण्डित दिनेश चन्द्र पाठक द्वारा वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। उन्होंने उपस्थित जनों को भगवान विश्वकर्मा के स्वरूप और कर्म-साधना के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर मिल के वरिष्ठ अधिकारी रितुल शर्मा एवं भरत पाण्डेय ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर विधि-विधान पूर्वक हवन-यज्ञ में भाग लिया और पूर्ण श्रद्धा के साथ आहुतियां दीं।
यज्ञोपरांत अपने विचार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिकारी रितुल शर्मा ने कहा, “भगवान विश्वकर्मा कर्म, तकनीक और सृजन के शाश्वत प्रेरणास्रोत हैं। जब हम अपने कार्य को ईश्वर की आराधना मानकर समर्पण भाव से करते हैं, तभी संस्थान और समाज दोनों की वास्तविक उन्नति संभव होती है। डीएम प्लांट की निरंतर सक्रियता और हमारे कर्मठ कार्मिकों की सुरक्षा व खुशहाली ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
वहीं, वरिष्ठ अधिकारी भरत पाण्डेय ने कहा, “शिल्प और तकनीकी नवाचार के बिना किसी भी औद्योगिक प्रगति की कल्पना अधूरी है। यह पावन पर्व हमें टीम भावना, कार्य के प्रति निष्ठा और अनुशासन की सीख देता है। भगवान विश्वकर्मा की कृपा से हमारे संयंत्र में सदैव सकारात्मक ऊर्जा, सुरक्षा और निरंतर उत्पादन का प्रवाह बना रहे।”
हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भगवान विश्वकर्मा की भव्य आरती उतारी गई और संपूर्ण परिसर जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इसके उपरांत सभी को चरणामृत एवं प्रसाद वितरित किया गया।
इस धार्मिक एवं तकनीकी उत्सव के अवसर पर मुख्य रूप से रोहित कुमार मोहन गिरी, मोहन जीना, कृष्णा यादव, हरिमोहन यादव, रघु बीर रजवार रामचन्द्र, रामेश्वर सिंह, लाल सिंह जीना, लाल सिंह बोरा, मुकेश, संजय मिश्रा, दिनेश जोशी, शेखर गुणवन्त, आनन्द रजवार, नवीन सती सहित डीएम प्लांट के तमाम तकनीकी विशेषज्ञ, कर्मचारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं और पूरी निष्ठा व सुरक्षा के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
