हल्द्वानी ( ब्यूरो)।
यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी के प्रांगण में विद्यालय का भव्य वार्षिकोत्सव ‘अभ्युदय 2026 – एक सांस्कृतिक यात्रा’ अत्यंत उल्लास, उमंग और गरिमामयी वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश चन्द्र भट्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट और मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण वरिष्ठ शिक्षाविद् मोहन चन्द्र जोशी का नागरिक अभिनंदन रहा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की गौरवशाली पृष्ठभूमि से आने वाले मोहन चन्द्र जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अप्रतिम योगदान के लिए शाल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कुमाऊँ में शिक्षा के विकास और प्रसार में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज को शिक्षित और संस्कारवान बनाने में समर्पित कर दिया है। उच्च मानवीय मूल्यों, सादगी और अनुशासन की प्रतिमूर्ति मोहन चन्द्र जोशी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के संस्कारों को संजोए हुए उन्होंने शिक्षा जगत में निष्ठा की जो अमिट छाप छोड़ी है, वह सदैव अनुकरणीय रहेगी।
वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। नन्हें-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक वेशभूषा में मंच पर अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को दर्शाते नृत्यों और देशभक्ति गीतों पर बच्चों के सधे हुए अभिनय ने पूरे परिसर को करतल ध्वनि से गुंजायमान कर दिया। अतिथियों ने नौनिहालों के आत्मविश्वास और विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता की मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, शिक्षाविद ललित जोशी, भाजपा नेता मनोज पाठक, दीपक बल्यूटिया, दयासागर बिष्ट, श्रीष पाठक, गौरव पाठक, शौरभ पंत, राजेन्द्र पाण्डे और राजेश पंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने सभी पधारे हुए अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का अत्यंत सुरुचिपूर्ण, प्रभावी और सफल संचालन कंचन पंत ने किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


