बंद मकान, आधी रात का सन्नाटा और एक अनदेखा साया… दिन में ‘काम’ मांगने वाला असल में क्या तलाश रहा था?
पेंट का काम तलाशने के बहाने दिन में रेकी, रात में तोड़ते थे ताले; हल्दूचौड़ में चोरी का खुलासा
एक आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये बरामद; साथी फरार
हल्दूचौड़। बंद मकानों की दिन में रेकी और रात में ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का हल्दूचौड़ पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथी के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने क्षेत्र में घूमता था और बंद मकानों को चिन्हित करता था। इसके बाद रात में मौका देखकर दोनों चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
जागनाथ भवन, अंबिकापुरम, गौला रोड हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट करीब दो माह पहले उपचार के लिए अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। चार सितंबर को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर लालकुआं कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर टीम ने 19 सितंबर को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका
पुलिस पूछताछ में यासीन ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने घूमता था। इसी दौरान दोनों बंद मकानों की रेकी करते थे। रात करीब 12 से एक बजे के बीच आसपास के लोगों के सो जाने के बाद सरिया आदि की मदद से ताले तोड़कर घर में दाखिल होते और चोरी कर फरार हो जाते थे।
सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी बिछुए और सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
दूसरा आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार मामले में दूसरा आरोपी आबिद उर्फ लालू पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक आबिद के खिलाफ हल्द्वानी थाने में चोरी और नकबजनी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
